नप ठेकेदार ने बक्सर पुलिस को दी खुली चुनौती, वार्ड 38 में दिनदहाड़े चलाई गोली.नगर परिषद के रसूखदारों के संरक्षण का आरोप,

 नप ठेकेदार ने बक्सर पुलिस को दी खुली चुनौती, वार्ड 38 में दिनदहाड़े चलाई गोली.नगर परिषद के रसूखदारों के संरक्षण का आरोप, पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर की छापेमारी शुरू !

जांच करते पुलिस अधिकारी

बक्सर- जिले के नगर परिषद क्षेत्र में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण सोमवार को देखने को मिला. नगर परिषद के ठेकेदार सोनू यादव ने वार्ड संख्या 38 में दिनदहाड़े पिस्टल निकालकर दो राउंड गोली चलाई और खुलेआम बक्सर पुलिस को चुनौती दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.

ठेकेदार को कई रसूखदारों का संरक्षण है प्राप्त

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सोनू यादव को नगर परिषद से जुड़े कई रसूखदारों और सफेदपोश नेताओं का संरक्षण प्राप्त है. इसी कारण वह औद्योगिक थाना क्षेत्र में खुलेआम दबंगई करता है. और पुलिस की परवाह तक नहीं करता.

घटनास्थल पर पहुँचे बक्सर एसडीपीओ

नाली- गली का निर्माण  बना गोलीबारी का कारण !

मिली जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 38 स्थित अहिरौली गांव के रहने वाले मुन्ना यादव और उनके भाई के बीच जमीन का बंटवारा चल रहा था. इसी बीच नगर परिषद का ठेकेदार सोनू यादव अपने पांच साथियों के साथ वहां पहुंचा और विवादित जमीन पर नाली और गली का पक्कीकरण करने का दबाव बनाने लगा.परिवारवालों ने उससे कहा कि पहले जमीन की नापी पूरी हो जाने दीजिए, उसके बाद निर्माण करा लीजिए. इस बात पर ठेकेदार और उसके गुर्गे भड़क गए और घर की महिला को घसीटते हुए पिटाई शुरू कर दी. इसमें 40 वर्षीय कमला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं.इसके बाद ग्रामीणों ने विरोध किया और आक्रोशित भीड़ ने ठेकेदार व उसके गुर्गों पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया. दबाव बढ़ता देख ठेकेदार सोनू यादव ने कमर से पिस्टल निकालकर भीड़ को निशाना बनाते हुए दो राउंड फायरिंग कर दी. ग्रामीण बाल-बाल बच गए, लेकिन घटना से माहौल दहशत में बदल गया. हड़बड़ी में आरोपी अपना बुलेट मोटरसाइकिल और एक जिंदा कारतूस घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया.

पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही बक्सर के एसडीपीओ गौरव पांडेय और औद्योगिक थाना प्रभारी संजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से बुलेट मोटरसाइकिल और जिंदा कारतूस बरामद किया.एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि, “ग्रामीणों से पूछताछ कर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. आरोपी ठेकेदार सोनू यादव सहित पांच अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी गई है. बहुत जल्द गिरफ्तारी होगी”

ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश, उठे सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि नगर परिषद के ठेकेदारों को राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है. यही कारण है कि वे आए दिन दबंगई दिखाते हैं और गरीब ग्रामीणों को प्रताड़ित करते हैं. लोगों का कहना है कि उन्होंने प्रतिनिधियों को सत्ता में इसलिए नहीं भेजा था कि जनता पर ही संरक्षण देकर गोली बरसवाये !

दूसरे वार्ड में एक सप्ताह पहले हुआ था विवाद

 एक सप्ताह पहले ही अहिरौली गांव के वार्ड संख्या 39 में नगर परिषद से जुड़े कुछ लोगों की दबंगई का वीडियो वायरल हुआ था. उस घटना के ठीक एक हफ्ते बाद फिर से गोलीबारी की घटना ने नगर परिषद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस और प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो शायद ऐसी घटनाओं को दोहराया नहीं जाता. त्योहारों के मौसम में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार जोर देने का दावा करने वाली पुलिस के लिए यह घटना बड़ी चुनौती साबित हो रही है.

प्रशासन के लिए बड़ी कसौटियों के

त्योहारों के दौरान इस तरह की वारदात न सिर्फ आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठाती है बल्कि पुलिस की चौकसी की पोल भी खोलती है. अब देखने वाली बात यह होगी कि रसूखदार ठेकेदार को बक्सर पुलिस कितनी जल्दी गिरफ्तार करती है और उसके पीछे छिपे राजनीतिक- सामाजिक संरक्षण को उजागर कर पाती है या नहीं.

Comments

Popular posts from this blog

भाजपा जिलाध्यक्ष को मिला पेट्रोल पम्प की सौगात ! कार्यकर्ताओ ने कहा तेरे पैरों तले जमीन नही है!

बक्सर में लौटा जंगल राज दो टकिया गुंडे ने बीच बाजार में मेरे पति के नही पुलिस के गाल पर मारा है तमाचा ! बोली दुर्गावती चतुर्वेदी अपराधी को जाती से जोड़कर देख रहे है कुछ चवन्नी छाप नेता !

वीर कुंवर सिंह सेतु की रेलिंग तोड़ते हुए गंगा नदी में गिरी स्कार्पियो राहत बचाव कार्य मे जुटी पुलिस